बाथरूम में फंदे पर मिला विवाहिता का शव, भाई ने पति पर लगाया हत्या का आरोप, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
4 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोतवाली थाना क्षेत्र के सर्वमंगला नगर में गुरुवार देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 26 वर्षीय सुलोचना पटेल का शव उसके घर के बाथरूम में फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, परिजनों ने बाथरूम में सुलोचना का शव लोहे के एंगल से दुपट्टे के सहारे लटका देखा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही सामने आने की बात कही जा रही है।

करीब 10 साल पहले हुई थी शादी

सुलोचना मूल रूप से मध्य प्रदेश के रीवा जिले के धोघम गांव की रहने वाली थी। करीब दस साल पहले उसकी शादी उमेश पटेल से हुई थी। दंपती की एक छह वर्षीय बेटी है। बताया गया है कि उनका एक बेटा भी था, जिसकी पहले मौत हो चुकी है। उमेश कुसमुंडा खदान में नीलकंठ कंपनी में ड्राइवर के तौर पर काम करते हैं।

भाई ने जताई हत्या की आशंका

मामले में मृतिका के भाई सियाराम पटेल ने अपने जीजा उमेश पटेल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सियाराम का कहना है कि सुलोचना ने फोन पर पति द्वारा दूसरी महिला से बातचीत करने और मारपीट किए जाने की बात बताई थी। इन्हीं आरोपों के आधार पर परिवार ने उसकी मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।

हालांकि, उमेश पटेल ने इन आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि उनके और सुलोचना के बीच कोई विवाद नहीं था और उन्होंने पत्नी के साथ मारपीट नहीं की।

‘तुम हमको नहीं पाओगे’ कहकर निकली थी बात

उमेश के मुताबिक, ड्यूटी पर जाने के दौरान सुलोचना ने उनसे कहा था कि ‘तुम हमको नहीं पाओगे’। उन्होंने उस समय इसे गंभीरता से नहीं लिया और मजाक समझा। दूसरी महिला से बातचीत करने के आरोपों को भी उमेश ने गलत बताया है।

शरीर पर मिले निशानों को लेकर उनका कहना है कि 15 तारीख को बर्तन धोते समय चूड़ी लगने से चोट के निशान आए थे।

दूसरे बच्चे को लेकर भी सामने आई बात

पूछताछ में उमेश ने पुलिस को बताया कि सुलोचना एक और बच्चा चाहती थी, लेकिन स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते वह गर्भवती नहीं हो पा रही थी। उनके अनुसार, इसी बात को लेकर वह परेशान रहती थी। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा लिया है और परिजनों के बयान लिए गए हैं। विवाहिता की मौत के पीछे आत्महत्या, हत्या या कोई अन्य वजह है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Share This Article