हरदीबाजार में मनाई गई राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की 388वीं जयंती, एकता और संगठन का लिया संकल्प

By Atul Yadav - Editor
6 Min Read

कोरबा/हरदी बाजार:  क्षत्रिय राठौर समाज कोरबा ग्रामीण के तत्वावधान में राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर जी की 388वीं जयंती का गरिमामय आयोजन आइसेक्ट कंप्यूटर सेंटर, मेन रोड हरदी बाजार में श्रद्धा, उत्साह और गौरवपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए और राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर जी के त्याग, शौर्य, स्वाभिमान एवं राष्ट्रभक्ति को नमन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर जी के तैलचित्र पर अतिथियों एवं समाजजनों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर तथा श्रीफल फोड़कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित समाजजनों ने राष्ट्रवीर के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज में एकता, संगठन, संस्कार एवं सामाजिक दायित्व को मजबूत करने का संकल्प लिया।

पत्रकारों एवं समाज के वरिष्ठजनों का हुआ सम्मान

जयंती समारोह में क्षेत्र के पत्रकार बंधुओं को समाज के प्रति उनके योगदान एवं सामाजिक सरोकारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही समाज के वरिष्ठजनों को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। सम्मान समारोह ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया।

राष्ट्रवीर के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज रत्न एवं समाज ध्वजवाहक चुलेश्वर राठौर ने राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर जी के जीवन, संघर्ष, त्याग, अदम्य साहस एवं राष्ट्रनिष्ठा पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर केवल राठौर समाज के गौरव ही नहीं, बल्कि भारतीय स्वाभिमान, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति के अमर प्रतीक हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने अपने सिद्धांतों और मातृभूमि के सम्मान से समझौता नहीं किया। उनका जीवन समाज की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है।

उन्होंने कहा कि जयंती मनाने की सार्थकता तभी है, जब हम राष्ट्रवीर के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में शिक्षा, संस्कार, संगठन, सेवा और सामाजिक समरसता को मजबूत करें। समाज की शक्ति उसकी एकता में निहित है तथा आने वाली पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

अतिथियों ने भी रखे प्रेरणादायी विचार

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षत्रिय राठौर समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि राठौर ने राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को समाज के लिए प्रेरणापुंज बताते हुए कहा कि उनके जीवन का प्रत्येक अध्याय संघर्ष, त्याग और राष्ट्रधर्म की प्रेरणा देता है।

प्रदेश उपाध्यक्ष अजय राठौर ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए सामाजिक एकता एवं संगठनात्मक मजबूती आवश्यक है। उन्होंने युवा पीढ़ी से राष्ट्रवीर के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

वरिष्ठ पत्रकार निलेन्द्र राठौर ने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने समाज में पदों की निर्विवाद व्यवस्था एवं संगठनात्मक मजबूती के लिए चुनाव की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने समाज की शक्ति को राष्ट्रीय एकीकरण के लिए समर्पित करने का आह्वान किया।

वरिष्ठ समाजसेवी एवं पत्रकार श्री जगदीश अग्रवाल ने राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर के शौर्य एवं स्वाभिमान को भारतीय इतिहास की गौरवशाली विरासत बताते हुए कहा कि समाज को अपने महापुरुषों के जीवन और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास करना चाहिए।

शिक्षक राजू राठौर ने शिक्षा, संस्कार एवं युवा शक्ति की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज का वास्तविक उत्थान तभी संभव है, जब युवा शिक्षित, संस्कारित और अपने इतिहास एवं संस्कृति के प्रति जागरूक हों।

गरिमामय उपस्थिति ने बढ़ाई कार्यक्रम की शोभा

कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमामय संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम प्रभारी ब्रह्मानंद राठौर ने किया। उन्होंने सभी वक्ताओं के उद्बोधनों को समाज के लिए अनुकरणीय बताते हुए समाज की उत्कृष्टता के लिए समर्पण एवं एकजुटता की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही सभी को राष्ट्रीय पर्व की पूर्व शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

कार्यक्रम के अंत में जयंती समारोह के संयोजक एवं क्षत्रिय राठौर समाज कोरबा ग्रामीण के सचिव व्यास राठौर ने सभी अतिथियों, पत्रकार बंधुओं, समाज के वरिष्ठजनों एवं उपस्थित समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। जयंती समारोह के सफल आयोजन में श्री व्यास राठौर का विशेष सहयोग रहा।

इस अवसर पर क्षत्रिय राठौर समाज कोरबा ग्रामीण के संरक्षक महेंद्र राठौर, संरक्षक अमृत लाल राठौर, संरक्षक बाबूराम राठौर, युवा व्यवसायी एवं संरक्षक राजेश राठौर, प्रदेश संगठन मंत्री जितेंद्र राठौर, प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं पत्रकार नीरेंद्र राठौर, प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं पत्रकार राजाराम राठौर, वरिष्ठ पत्रकार विनोद उपाध्याय, वरिष्ठ पत्रकार जगदीश अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष हुलेश राठौर, जिला उपाध्यक्ष शैलेंद्र राठौर, पत्रकार महेंद्र राठौर, पत्रकार छत्रपाल राठौर, पत्रकार एवं कोषाध्यक्ष रवि राठौर, सचिन राठौर, कृष्णानंद राठौर, शैलेंद्र सिंह, अमर सिंह राठौर, पप्पू राठौर एवं संजीव राठौर सहित समाज के अनेक वरिष्ठजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर जी के जयघोष से वातावरण गुंजायमान रहा। उपस्थित समाजजनों ने उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने तथा समाज को संगठित, शिक्षित, संस्कारित एवं सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

आयोजन ने यह संदेश दिया कि इतिहास केवल स्मरण करने के लिए नहीं, बल्कि उससे प्रेरणा लेकर वर्तमान को दिशा देने और भविष्य का निर्माण करने के लिए होता है।

“राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर जी का शौर्य हमारी पहचान, उनका स्वाभिमान हमारी प्रेरणा और उनका राष्ट्रधर्म हमारी अमूल्य विरासत है।”

Share This Article