कोरबा: हथियार बंद नकाबपोश बदमाशों ने बंदूक दिखाकर ट्रक चालक को धमकाया, 7 गैस सिलेंडर लूटकर हुए फरार, देखें वीडियो…..

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा में स्वतंत्रता दिवस की सुबह हथियारबंद बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी। दर्री थाना क्षेत्र में IOC गेट के सामने बदमाशों ने गैस सिलेंडरों से लदे ट्रक को रोक लिया और चालक को हथियार दिखाकर धमकाते हुए 7 भरे हुए गैस सिलेंडर लूटकर फरार हो गए।

घटना तड़के करीब 4 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार 4 से 5 नकाबपोश बदमाश बिना नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो से पहुंचे थे। सभी ने अपने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे।

ट्रक से सिलेंडर निकालते देख चालक को धमकाया

ट्रक चालक जयपाल दास के मुताबिक, वह सुबह करीब 4 से 4:10 बजे अपने लोडेड ट्रक के पास पहुंचा। इसी दौरान उसने कुछ लोगों को ट्रक से गैस सिलेंडर निकालते देखा। चालक के अनुसार, एक बदमाश ने उसकी कनपटी पर छोटी बंदूक तान दी और जान से मारने की धमकी दी। उसके पास तलवारनुमा हथियार भी था। चालक ने यह भी बताया कि वारदात के दौरान गोली चलने जैसी आवाज सुनाई दी। हथियारों से डरे चालक ने तत्काल वहां से हटकर अपने साथियों को घटना की जानकारी दी।

स्कॉर्पियो में भरकर ले गए 7 सिलेंडर

कुछ देर बाद जब चालक वापस मौके पर पहुंचा तो ट्रक से 7 भरे हुए गैस सिलेंडर गायब मिले। बदमाश सिलेंडर स्कॉर्पियो में लादकर मौके से फरार हो चुके थे। बताया जा रहा है कि ट्रक IOC से गैस सिलेंडर लेकर बिरला की ओर जा रहा था। इसी दौरान बदमाशों ने रास्ते में उसे निशाना बनाया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

वारदात की सूचना मिलते ही दर्री पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। बदमाशों की पहचान और उनकी तलाश के लिए जांच जारी है।

 

 

Share This Article