“स्वतंत्र भारत की गरिमा पर गर्व” – डीएवी गेवरा में बच्चों ने किया पीटी और भाषण का प्रदर्शन

Anil Jatwar
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: देश की आजादी के 80 वर्ष पूरे होने के अवसर पर डी.ए.व्ही पब्लिक स्कूल, गेवरा प्रोजेक्ट परिसर में स्वतंत्रता दिवस का भव्य आयोजन किया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कार्यक्रम पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रेया महिला समिति, गेवरा क्षेत्र की अध्यक्षा श्रीमती रंभा मिश्रा जी थीं। उनके साथ समिति के अन्य गणमान्य सदस्य भी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि महोदया ने विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा।

बच्चों ने दिखाया देशभक्ति का रंग 
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भाषण, देशभक्ति गीत और ऊर्जा से ओत-प्रोत पीटी प्रदर्शन प्रस्तुत किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।

मुख्य अतिथि श्रीमती रंभा मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वतंत्र भारत की गरिमा और प्रगति हम सभी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बच्चों को देश सेवा और अनुशासन के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।

वहीं विद्यालय के प्राचार्य श्री टी. प्रभाकर राव ने सभी को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता के महत्व और देशभक्ति की भावना को बनाए रखने पर जोर दिया।

शिक्षकों और छात्राओं की रही अहम भूमिका 
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन कु. प्रीति साहू और श्रीमती मेघा चंद्रा द्वारा किया गया।

विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंगों से सराबोर रहा और कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिठाइयां बांटकर स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया।

Share This Article