ध्वजारोहण में बड़ी चूक: आंगनबाड़ी केंद्र में उल्टा फहराया तिरंगा, वायरल वीडियो के बाद जांच की मांग

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कोरबी (सिंधिया) के छिंदपारा-4 आंगनबाड़ी केंद्र में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रीय ध्वज फहराने में गंभीर चूक सामने आई है। समारोह में तिरंगा उल्टी दिशा में लगा होने के बावजूद ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और सलामी की प्रक्रिया पूरी कराई गई। कार्यक्रम का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।

बताया जा रहा है कि 15 अगस्त को आंगनबाड़ी केंद्र में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें ग्रामीणों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान एक बुजुर्ग ग्रामीण ने ध्वजारोहण किया। इसी दौरान राष्ट्रीय ध्वज गलत तरीके से लगा हुआ दिखाई दिया।

समारोह के दौरान मौजूद लोगों ने राष्ट्रगान भी किया और तिरंगे को सलामी दी। बाद में कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा, जिसके बाद ग्रामीणों ने इस लापरवाही पर सवाल उठाए।

वीडियो सामने आने के बाद सुधारा गया झंडा

मामला सामने आने के बाद आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़े जिम्मेदार लोगों ने झंडे को उतारकर सही तरीके से दोबारा फहराया। हालांकि, तब तक समारोह में हुई चूक का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन चुका था।

ग्रामीणों का कहना है कि राष्ट्रीय पर्व के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के साथ निर्धारित नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। ऐसी स्थिति में जिम्मेदारी तय होनी चाहिए, ताकि भविष्य में सरकारी या सार्वजनिक कार्यक्रमों में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।

जांच की मांग, अधिकारियों से कार्रवाई की अपील

घटना को लेकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों से मामले की जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच कर यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि ध्वज गलत तरीके से कैसे लगाया गया और कार्यक्रम के दौरान मौजूद जिम्मेदार लोगों ने समय रहते इसे क्यों नहीं सुधारा। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के आधार पर प्रशासन मामले का संज्ञान लेकर क्या कार्रवाई करता है।

Share This Article