बांगो बांध में युवक के बहने से हड़कंप, खुले गेट की ओर लगाई छलांग; तलाश जारी…. देखें लाइव वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  मिनीमाता हसदेव बांगो बांध में शनिवार को एक युवक के पानी के तेज बहाव में बह जाने से हड़कंप मच गया। पाली क्षेत्र से अपने दोस्तों के साथ बांध घूमने पहुंचा 23 वर्षीय रंजीत यादव अचानक रेलिंग पार कर पानी की ओर चला गया और देखते ही देखते तेज धार में ओझल हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

बताया जा रहा है कि चैतमा गांव निवासी रंजीत अपने तीन दोस्तों के साथ बांध का नजारा देखने पहुंचा था। सभी गार्डन के पास मौजूद थे। इसी दौरान रंजीत अचानक रेलिंग पर चढ़ गया और बांध के खुले गेट की दिशा में छलांग लगा दी। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग भी कुछ समझ पाते, उससे पहले युवक पानी में पहुंच चुका था।

वीडियो में युवक कुछ समय तक पानी में दिखाई देता है, लेकिन तेज बहाव के कारण बाद में वह नजरों से ओझल हो गया। उस समय बांध के सात गेट खुले हुए थे और बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा था, जिससे बहाव काफी तेज था।

घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। हालांकि फिलहाल रंजीत का कोई सुराग नहीं मिल सका है।

खुले गेट के बीच पहुंच रहे लोग

मिनीमाता हसदेव बांगो बांध में बारिश के चलते जलस्तर बढ़ा हुआ है। बांध के गेट खुले होने के बावजूद लोग बड़ी संख्या में आसपास पहुंच रहे हैं। प्रशासन की ओर से पहले ही लोगों को जलप्रवाह वाले क्षेत्रों से दूर रहने की चेतावनी दी गई है।

 

Share This Article