कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के उरगा थाना क्षेत्र के पहंदा गांव में रविवार सुबह रेलवे फाटक के पास एक 45 वर्षीय व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शहलाद सिंह कंवर के रूप में हुई है। वह खेती-किसानी का काम करता था।
घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। रेलवे फाटक पर ड्यूटी कर रहे गेटमैन ने व्यक्ति को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका और ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे के बाद गेटमैन ने तत्काल रेलवे पुलिस और उरगा थाना पुलिस को सूचना दी।
जानकारी मिलने पर उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों के अनुसार शहलाद पिछले कुछ वर्षों से मानसिक तनाव से गुजर रहा था और उसका इलाज भी कराया गया था। घटना वाले दिन वह सुबह घर से निकला था। कुछ देर बाद रेलवे फाटक के पास उसके ट्रेन की चपेट में आने की जानकारी परिजनों को मिली।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे फाटक के पास चलती ट्रेन के सामने कूदकर किसान ने की आत्महत्या, गेटमैन ने रोका फिर भी नहीं रुका
