सागौन तस्करी पर वन विभाग का शिकंजा, पिकअप से 85 हजार का लकड़ी बरामद

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  वन संपदा की अवैध कटाई और तस्करी पर शिकंजा कसते हुए कोरबा वन विभाग की टीम ने देर रात बड़ी कार्रवाई की। भुलसीडीह क्षेत्र के जंगल से अवैध रूप से सागौन लकड़ी ले जा रहे एक बोलेरो मैक्स पिकअप को वनकर्मियों ने पकड़ा। वाहन की तलाशी में 26 नग सागौन के लट्ठे बरामद हुए, जिनकी मात्रा करीब 2 घन मीटर और अनुमानित कीमत लगभग 85 हजार रुपये बताई गई है।

वन विभाग को सूचना मिली थी कि भुलसीडीह के जंगल से सागौन की अवैध कटाई कर उसे वन मार्ग के जरिए बाहर ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए झगरहा से भुलसीडीह बैरियर के बीच विशेष रात्रि गश्त शुरू की गई।

इसी दौरान जंगल की ओर से आ रहे बोलेरो मैक्स पिकअप क्रमांक CG-13 AY 1202 को वनकर्मियों ने रोककर जांच की। वाहन में सागौन के लट्ठे पाए जाने पर चालक से लकड़ी के परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। दस्तावेज नहीं मिलने पर वन विभाग ने वाहन समेत पूरी लकड़ी को जब्त कर लिया। मामले में वन अधिनियम के तहत वन अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी जितेंद्र कुमार उपाध्याय के आदेश तथा उपवनमंडलाधिकारी उत्तर कोरबा रामसिंह राठिया और दक्षिण कोरबा सूर्यकांत सोनी के निर्देशन में हुई। अभियान का नेतृत्व वन परिक्षेत्र अधिकारी कोरबा डेंधजय शर्मा ने किया। गश्ती दल में परिक्षेत्र सहायक यशमल आदिल, परिसर रक्षक गुरुवंद कुंजे, अर्जुन सिंह कंवर, बलराम राठिया सहित अन्य वनकर्मी शामिल रहे।

Share This Article