सड़क हादसे में मौत के तीन दिन बाद भी नहीं हुई पहचान, अज्ञात युवक का पुलिस ने कराया अंतिम संस्कार

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read



कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले के बालको थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले करीब 25 वर्षीय युवक की पहचान तीन दिन बाद भी नहीं हो सकी। शव लेने कोई परिजन सामने नहीं आया। लगातार पहचान के प्रयासों के बावजूद सफलता नहीं मिलने और शव को अधिक समय तक सुरक्षित रखना संभव नहीं होने की स्थिति में जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने रविवार को नियमानुसार उसका अंतिम संस्कार करा दिया।

जानकारी के अनुसार बालको प्लांट के एल्युमिनियम गेट के पास एक बाइक सवार युवक सड़क हादसे का शिकार हुआ था। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बालको प्लांट की एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान को लेकर थी। युवक के शरीर पर चोट के निशान मिले थे, लेकिन उसके पास से ऐसी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी, जिससे तत्काल उसके परिजनों तक पहुंचा जा सके।

हर स्तर पर तलाश, फिर भी नहीं मिला सुराग

पुलिस ने पहचान के लिए जिले के सभी थाना और चौकियों को सूचना भेजी। इसके अलावा व्हाट्सऐप ग्रुप और सोशल मीडिया के माध्यम से मृतक की तस्वीर और जानकारी प्रसारित की गई। आसपास के ग्रामीण इलाकों में मुनादी कराकर भी लोगों से पहचान में मदद की अपील की गई। इसके बावजूद तीन दिन तक कोई व्यक्ति युवक को अपना परिजन बताकर सामने नहीं आया।

शव की पहचान नहीं होने और लंबे समय तक सुरक्षित रखने में परेशानी की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद रविवार को नियमानुसार अंतिम संस्कार कराया गया। पुलिस के मुताबिक पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई है, ताकि भविष्य में यदि मृतक के परिजन सामने आते हैं तो आवश्यक पहचान और कानूनी कार्रवाई में रिकॉर्ड उपलब्ध रहे।

Share This Article