कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बाँकीमोंगरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती के तीन मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।
पुलिस के अनुसार बाँकीमोंगरा थाना क्षेत्र के बलगी सबस्टेशन और सूराकछार खदान, जबकि दीपका थाना क्षेत्र की दीपका खदान में डकैती की घटनाएं हुई थीं। इन मामलों में संबंधित थानों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जामनीमूड़ा, थाना पाली निवासी राजपाल चौहान (22 वर्ष), भिलाईबाजार, थाना हरदीबाजार निवासी फिरोज मेमन (27 वर्ष), शुक्लाखार, थाना बाँकीमोंगरा निवासी निकेश कुमार कश्यप (21 वर्ष) और शांतिनगर, थाना कुसमुंडा निवासी होरीलाल केवट (24 वर्ष) के रूप में हुई है। इनके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डकैती में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं, विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार करने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस की इस कार्रवाई में मुखबिर तंत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
