कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: लगातार हो रही बारिश के बीच कोरबा में हसदेव नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। मिनीमाता हसदेव बांगो बांध के 10 गेट खोले जाने और दरी डैम से पानी छोड़े जाने के बाद नदी उफान पर है। इसका असर अब नदी किनारे बसे निचले इलाकों में दिखाई देने लगा है।
सीतामढ़ी इलाके में जलभराव की स्थिति बन गई है और कुछ घरों में पानी घुसने की जानकारी सामने आई है। पानी बढ़ता देख प्रभावित परिवार अपने जरूरी सामान को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने में जुटे हैं। नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर आसपास के लोगों में भी चिंता बढ़ गई है।
हसदेव नदी के किनारे कई स्थानों पर घर और अन्य निर्माण होने के कारण जलस्तर बढ़ने पर इन इलाकों में खतरा और बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी क्षेत्र में हुए निर्माण और अतिक्रमण पर समय रहते कार्रवाई की जरूरत है, ताकि बारिश के दौरान लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
लगातार बारिश के साथ बांधों से छोड़े जा रहे पानी के कारण नदी का जलस्तर आगे भी बढ़ सकता है। ऐसे में नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।
