बिलासपुर/रतनपुर: सीजी एनएन 24 न्यूज: बारिश के बीच खूंटाघाट वेस्टवियर में रोमांच के नाम पर लापरवाही भारी पड़ सकती थी। तेज बहाव और गहरे पानी के खतरे को देखते हुए लगाए गए सुरक्षा गेट को पार कर कुछ लोग प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंच गए और खतरनाक स्थान पर खड़े होकर सेल्फी व वीडियो बनाने लगे। हैरानी की बात यह रही कि कुछ लोग बच्चों और महिलाओं को भी अपने साथ लेकर वहां पहुंच गए।
मामले की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा घेरा पार कर अंदर गए लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने मौके पर ही उन्हें सख्त समझाइश देते हुए बताया कि बारिश के मौसम में वेस्टवियर के आसपास पानी का बहाव अचानक तेज हो सकता है और ऐसी जगहों पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
बच्चों को लेकर पहुंचे थे प्रतिबंधित क्षेत्र में
पुलिस की कार्रवाई के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ लोग परिवार के सदस्यों और बच्चों के साथ खतरे वाले हिस्से तक पहुंच गए थे। पुलिस ने उन्हें गहरे पानी और तेज बहाव से दूर रहने की हिदायत दी। लापरवाही करने वाले कुछ लोगों को मौके पर उठक-बैठक कराकर चेतावनी भी दी गई।
सुरक्षा गेट और बैरिकेड पार करना पड़ सकता है भारी
बारिश के दौरान खूंटाघाट वेस्टवियर समेत जलाशयों, नदी-नालों और जलप्रपात क्षेत्रों में पानी का स्तर और बहाव तेजी से बदल सकता है। इसी वजह से प्रशासन और पुलिस की ओर से कई स्थानों पर लोगों की आवाजाही रोकने के लिए बैरिकेड और सुरक्षा गेट लगाए जाते हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इन प्रतिबंधों को नजरअंदाज कर आगे बढ़ना खुद की जान के साथ-साथ परिवार की सुरक्षा को भी खतरे में डालना है।
पुलिस की अपील- रील से ज्यादा जरूरी जिंदगी
रतनपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में खूंटाघाट वेस्टवियर और अन्य जलस्रोतों के आसपास अनावश्यक जोखिम न लें। सुरक्षा के लिए लगाए गए गेट और बैरिकेड को पार न करें तथा सेल्फी, फोटो या रील बनाने के लिए तेज बहाव के करीब न जाएं।
पुलिस ने लोगों को संदेश दिया कि सेल्फी और रील कुछ सेकंड की याद हो सकती है, लेकिन जिंदगी अनमोल है। बारिश के मौसम में थोड़ी सी सावधानी ही किसी बड़े हादसे को रोक सकती है।
पुलिस द्वारा खूंटाघाट क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और लोगों से अपील की गई है कि वे स्वयं के साथ अपने परिवार और बच्चों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दें।
