गांजा की तस्करी का अनोखा तरीका! टायर के अंदर छिपाकर ले जा रहे थे 151 किलो गांजा, गरियाबंद पुलिस ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को पकड़ा, देखें वीडियो….
गरियाबंद/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत गरियाबंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देवभोग थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक मेटाडोर से 151 किलो गांजा बरामद कर दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 75 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक 19 अगस्त 2026 को देवभोग पुलिस को सूचना मिली थी कि एक मेटाडोर में अवैध रूप से गांजा लेकर देवभोग की ओर परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर खुटगांव अंतरराज्यीय पुलिस चेक पोस्ट पर पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान एक मेटाडोर को रोककर गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को वाहन के छह टायरों के अंदर छिपाकर रखा गया गांजा मिला। जांच में कुल 151 किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मामले में मेटाडोर चालक रोहित पांडेय (35), निवासी छतरपुर, मध्यप्रदेश और उसके साथ बैठे रमेश नायक (52), निवासी कालाहांडी, ओडिशा को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 151 किलो गांजा, जिसकी कीमत 75.50 लाख रुपये, के साथ तस्करी में इस्तेमाल किया गया कथ्थई रंग का मेटाडोर क्रमांक CG 07 AV 3587, जिसकी अनुमानित कीमत 20.25 लाख रुपये है, जब्त किया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(b)(ii)(C) एवं 27A के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
आठ महीने में 86 तस्कर गिरफ्तार
गरियाबंद पुलिस के अनुसार, ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत पिछले आठ महीनों में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई है। इस अवधि में पुलिस ने 44 प्रकरण दर्ज कर 86 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 10 क्विंटल 80 किलो गांजा (1,080 किलो) जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 5 करोड़ 17 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 32 वाहन भी जब्त किए गए हैं, जिनमें 18 दोपहिया और 14 चारपहिया वाहन शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गरियाबंद जिला अन्य राज्यों की सीमाओं से लगा हुआ है, जिसका फायदा उठाकर तस्कर मादक पदार्थों के परिवहन की कोशिश करते हैं। ऐसे मामलों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सीमा क्षेत्रों में चेक पोस्ट और लगातार वाहन जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सक्रिय मुखबिर तंत्र और पुलिस टीमों की सतर्कता से तस्करी के नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिले में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
आज की कार्रवाई में सराहनीय भूमिका निभाने वाली थाना देवभोग की पुलिस टीम को सम्मानित किए जाने की बात भी पुलिस विभाग ने कही है।
गिरफ्तार आरोपी
- रोहित पांडेय, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम चंद्र नगर, थाना बमीठा, जिला छतरपुर, मध्यप्रदेश।
- रमेश नायक, उम्र 52 वर्ष, निवासी एम. रामपुर, ताल सागर पाड़ा, थाना एम. रामपुर, जिला कालाहांडी, ओडिशा।
