कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: इंटरनेट और डिजिटल लेनदेन के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर ठगी के मामले भी सामने आ रहे हैं। ऐसे में लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत ग्राम धतुरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
ग्राम धतुरा स्थित महामाया परिसर में आयोजित बैठक में थाना हरदी बाजार की टीम ने ग्रामीणों को साइबर अपराध के बदलते तरीकों और उनसे बचने के आसान उपायों की जानकारी दी। थाना प्रभारी आशीष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को विशेष रूप से ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई।

पुलिस ने बताया कि साइबर ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश करते हैं। इसके लिए फर्जी कस्टमर केयर नंबर, KYC अपडेट के नाम पर फोन, संदिग्ध लिंक, QR कोड, ऑनलाइन निवेश और लोन के नाम पर ठगी जैसे तरीकों का इस्तेमाल किया जाता है।
जागरूकता कार्यक्रम में ग्रामीणों को समझाया गया कि बैंकिंग पासवर्ड, OTP, डेबिट कार्ड की जानकारी और अन्य निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या अनजान मोबाइल एप डाउनलोड करने से भी बचने की सलाह दी गई।
पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए होने वाली ठगी को लेकर भी लोगों को सतर्क किया। साथ ही बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि रकम की रिकवरी और आवश्यक कार्रवाई की संभावना बढ़ सके।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि डिजिटल सुविधाओं का इस्तेमाल करते समय जल्दबाजी में कोई निर्णय न लें और किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या ऑनलाइन ऑफर की पहले पुष्टि करें।
