कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जंगलों में हाथियों की बढ़ती सक्रियता अब गांवों की सीमा तक पहुंचने लगी है। कोरबा और कटघोरा वन मंडल के अलग-अलग इलाकों में करीब 50 हाथियों की मौजूदगी सामने आई है। लगातार बदलती लोकेशन के बीच कहीं दंतैल हाथी ग्रामीणों के करीब पहुंच रहे हैं, तो कहीं फसल और मकान को नुकसान पहुंचने की घटनाएं सामने आई हैं। हालात को देखते हुए वन विभाग ने सभी संबंधित रेंज में निगरानी बढ़ा दी है।
ग्रामीणों ने भगाने की कोशिश की तो दौड़ा दंतैल
पसान रेंज के कुम्हारी सानी के पास मंगलवार को एक दंतैल हाथी नाले के किनारे पहुंच गया। हाथी को देखकर ग्रामीणों ने उसे भगाने की कोशिश की। शोर मचाने और पत्थर फेंकने के बाद हाथी कई बार ग्रामीणों की तरफ बढ़ा। स्थिति बिगड़ने से पहले हाथी खेतों को पार करते हुए जंगल की ओर चला गया।
बाद में शाम के समय इसी हाथी की मौजूदगी पसान गांव के किनारे कोसाबाड़ी इलाके में देखी गई। वन विभाग की टीम उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।
रात में गांव पहुंचा हाथी, मकान क्षतिग्रस्त
बनिया जंगल में घूम रहे दूसरे दंतैल ने रात के समय तनेरा गांव में एक मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि मरवाही की ओर से पसान पहुंचा यह हाथी अब बीजाडाड़ की तरफ बढ़ गया है।
कुदमुरा में तीन किसानों की फसल चौपट
कोरबा वन मंडल के कुदमुरा रेंज में भी दो दंतैल हाथियों की मौजूदगी बनी हुई है। इन हाथियों ने तीन किसानों की फसल को नुकसान पहुंचाया है। वन विभाग की टीम लगातार इनकी लोकेशन ट्रैक कर रही है। विभाग को संभावना है कि हाथी वापस धरमजयगढ़ की ओर लौट सकते हैं।
7 हाथियों का दल सक्ती की ओर निकला
करतला रेंज के लबेद इलाके में मौजूद सात हाथियों का दल रात में सक्ती रेंज के रैनखोल की ओर चला गया। हाथियों के क्षेत्र से आगे बढ़ने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। यह दल पहले 22 हाथियों के झुंड के साथ इस क्षेत्र में पहुंचा था।
करीब 50 हाथियों पर वन विभाग की नजर
वन विभाग के मुताबिक कटघोरा वन मंडल के अलग-अलग रेंज में करीब 50 हाथी झुंडों में विचरण कर रहे हैं। इनमें 19 हाथी सीमा क्षेत्र में बताए गए हैं, जबकि केंदई रेंज के कोरबी इलाके में 10 हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई। रेंजर मनीष सिंह के अनुसार 19 हाथियों का दल जटगा की ओर लौट गया है।
हाथियों के लगातार स्थान बदलने के कारण वन विभाग ने सभी रेंज के अमले को अलर्ट किया है। गांवों के आसपास निगरानी बढ़ाने के साथ हाथियों की गतिविधियों की लगातार जानकारी जुटाई जा रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों को किया सतर्क
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जंगल की ओर न जाएं। हाथी दिखाई देने पर उनके करीब जाने, शोर मचाने या पत्थर मारकर भगाने की कोशिश न करें।
खासकर दंतैल हाथियों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। वन विभाग ने ग्रामीणों से हाथियों की लोकेशन की सूचना तत्काल संबंधित अमले को देने को कहा है, ताकि समय रहते लोगों को सतर्क किया जा सके।
