कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: लगातार हो रही बारिश के बीच खारुन नदी में हुए हादसे में लापता 45 वर्षीय ग्रामीण का शव गुरुवार सुबह बरामद किया गया। बुधवार सुबह नदी किनारे गए गेंदलाल का पैर फिसलने के बाद वह तेज बहाव में बह गए थे। करीब 24 घंटे बाद घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर झाड़ियों में उनका शव फंसा मिला।
मामला पाली थाना क्षेत्र के ग्राम बिजराभवनारा, बतरा पंचायत का है। जानकारी के अनुसार गेंदलाल बुधवार सुबह नदी किनारे गुड़ाखू करने गए थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह नदी में गिर गए। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण वह देखते ही देखते बहाव की चपेट में आ गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पाली पुलिस और नगर सेना की गोताखोर टीम मौके पर पहुंची। नदी में तेज बहाव और जगह-जगह बने भंवर के चलते बुधवार देर शाम तक तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। परिस्थितियां मुश्किल होने पर अभियान रोकना पड़ा।
गुरुवार सुबह परिजन और ग्रामीणों ने दोबारा नदी किनारे तलाश शुरू की। इसी दौरान घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों में गेंदलाल का शव दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सात दिनों से बारिश, उफान पर नदी-नाले
जिले में पिछले सात दिनों से लगातार बारिश का दौर जारी है। इसके चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है और कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के समय खारुन नदी का बहाव काफी तेज था। आशंका जताई जा रही है कि गेंदलाल तेज बहाव के साथ बहते हुए भंवर की चपेट में आ गए होंगे।
