कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: चलती बसों में भीड़ का फायदा उठाकर यात्रियों को घेरने और उनके गहने पार करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। रतनपुर में महिला यात्री के गले से सोने की चेन चोरी होने के मामले की जांच करते हुए पुलिस ने गिरोह के 9 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें सात महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से 8 हजार रुपए बरामद किए हैं।
धक्का-मुक्की के बीच चेन पर हाथ साफ
मामला 2 अगस्त का है। बांकीमोंगरा निवासी भगवान राम प्रधान अपनी पत्नी गीता प्रधान के साथ काम के सिलसिले में बिलासपुर गए थे। वापसी में दोनों नेहरू चौक से बस में सवार हुए। बस में अधिक भीड़ होने के कारण उन्हें सीट नहीं मिली और वे खड़े होकर सफर कर रहे थे।
महामाया चौक के पास कुछ महिलाएं बस में सवार हुईं। शनिचरी चौक रतनपुर के पास इन महिलाओं ने गीता प्रधान को घेरकर धक्का-मुक्की शुरू कर दी। भीड़भाड़ के बीच मौका पाकर उनके गले से सोने की चेन निकाल ली गई। इसके बाद महिलाएं बस से उतर गईं।
रतनपुर पहुंचने के बाद जब बस खाली हुई, तब गीता प्रधान को चेन चोरी होने की जानकारी हुई। उन्होंने 11 अगस्त को रतनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
CCTV फुटेज से खुली गिरोह की पहचान
शिकायत के बाद पुलिस ने बस के रूट से जुड़े शनिचरी चौक रतनपुर और महामाया चौक बिलासपुर के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज और अन्य जांच के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान कोनकोना और ठिहईभाठा क्षेत्र की रहने वाली के रूप में हुई।
इसके बाद पुलिस टीम ने कोरबा पुलिस की मदद से कोनकोना में दबिश दी। यहां से सात महिलाओं और दो पुरुषों को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने भीड़भरी बस में यात्रियों को घेरकर धक्का-मुक्की करने और इसी दौरान चेन चोरी करने की बात स्वीकार की।
20 हजार में बेची थी चेन, 8 हजार बरामद
पुलिस के मुताबिक चोरी की गई चेन को गिरोह की एक अन्य महिला सुरतनी गिरी, निवासी रामनगर, थाना कुसमी को 20 हजार रुपए में बेच दिया गया था। आरोपियों के अनुसार रकम में से 12 हजार रुपए खर्च हो चुके थे, जबकि शेष 8 हजार रुपए पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। मामले में सुरतनी गिरी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
बिलासपुर और कोरबा में सक्रिय था गिरोह
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह बसों में भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देता था। महिलाओं की टोली यात्री को घेरकर धक्का-मुक्की करती थी और इसी दौरान गहने चोरी कर लिए जाते थे। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों और सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपियों को पकड़ा और बाद में उन्हें रतनपुर पुलिस के सुपुर्द किया गया। मामले में आगे की कार्रवाई रतनपुर पुलिस द्वारा की जा रही है।
