कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: पाली थाना क्षेत्र के ग्राम बतरा में जमीन विवाद को लेकर खड़ी धान की फसल नष्ट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि कुछ लोगों ने विवादित जमीन पर ट्रैक्टर और हल चलाकर कई इंच बढ़ चुकी धान की फसल को बर्बाद कर दिया। मामले को लेकर परिवार ने कोरबा एसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी है।
ग्राम दोदीपारा बतरा निवासी सोनबाई पति फूल सिंह ने शिकायत में बताया कि खसरा नंबर 614/1 और 608/1 की कुल 0.608 हेक्टेयर भूमि उनके पति फूल सिंह के नाम दर्ज है। परिवार ने इसी जमीन पर 1010 किस्म के धान की खेती की थी। आरोप है कि कुछ लोग खेत में पहुंचे और खड़ी फसल के बीच ट्रैक्टर व हल चलाकर उसे नष्ट कर दिया।
परिवार का कहना है कि फसल खराब किए जाने का विरोध करने पर विवाद और बढ़ गया। शिकायत में कुछ लोगों पर गाली-गलौज करने, लाठी लेकर मारने की कोशिश करने और दोबारा खेत में आने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। गांव से बहिष्कृत करने की धमकी दिए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।
सोनबाई के बेटे समार सिंह ने आरोप लगाया कि जमीन परिवार के नाम दर्ज होने के बावजूद उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। फसल नष्ट होने के बाद परिवार को अपनी सुरक्षा की भी चिंता है।
पीड़ित परिवार के मुताबिक घटना के बाद डायल 112 पर सूचना दी गई थी। इसके बाद थाने में शिकायत करने की बात कही गई, जिसके बाद परिवार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी दी।
परिवार ने पुलिस से जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर फसल नुकसान, कथित मारपीट के प्रयास, गाली-गलौज और धमकी के आरोपों पर एफआईआर दर्ज करने तथा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
