बुधवारी बायपास पर तेज रफ्तार का कहर: कार और ई-रिक्शा की जोरदार भिड़ंत, कई लोग घायल

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  बुधवारी बायपास पर गुरुवार देर रात तेज रफ्तार कार और ई-रिक्शा की भिड़ंत से अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया और उसमें सवार कई लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल बताया जा रहा है। सभी को उपचार के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में एक युवती के पैर में गंभीर चोट आने की जानकारी है, जबकि अन्य घायलों का भी अस्पताल में इलाज जारी है। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को संभाला और एंबुलेंस को सूचना दी।

नाबालिग चला रहा था ई-रिक्शा

हादसे के बाद ई-रिक्शा के संचालन को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ई-रिक्शा एक नाबालिग चला रहा था। स्थानीय लोगों का दावा है कि उसे इस मार्ग पर पहले भी वाहन चलाते देखा गया है। पुलिस इस बिंदु की भी जांच कर रही है।

हादसे के बाद लाठी-डंडे लेकर पहुंचे युवक

दुर्घटना के बाद स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब ई-रिक्शा चालक के करीब 15 से 20 साथी मौके पर पहुंच गए। युवकों के हाथों में लाठी-डंडे बताए गए, जिसके बाद घटनास्थल पर हंगामे और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

मामले की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने हंगामा कर रहे युवकों से डंडे जब्त किए और उन्हें मौके से हटाया। पुलिस की मौजूदगी के बाद स्थिति सामान्य हुई।

दुर्घटना में शामिल कार को लेकर भी कई सवाल सामने आए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कार पर पुलिस का मोनो लगा था और चालक खुद को पुलिसकर्मी बता रहा था। वहीं चालक के शराब के नशे में होने की चर्चा भी सामने आई है। हालांकि, इन दोनों बातों की पुलिस ने फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। चालक के नशे में होने की स्थिति मेडिकल जांच की रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सिविल लाइन पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस हादसे के पीछे की वास्तविक वजह, वाहनों की रफ्तार, कार चालक की पहचान और नाबालिग द्वारा ई-रिक्शा चलाए जाने सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

 

Share This Article