कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में हुई चोरी की दो वारदातों का कोरबा पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया एल्यूमिनियम फ्रेम और वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का सब्बल बरामद किया गया है।
मामला थाना कोतवाली क्षेत्र के पुलिस सहायता केन्द्र मानिकपुर से जुड़ा है। महाविद्यालय भवन में अज्ञात आरोपियों ने प्रवेश कर पुरानी एल्यूमिनियम की खिड़कियां चोरी कर ली थीं। दोनों घटनाओं को लेकर अपराध क्रमांक 685/2026 और 687/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की गई, जिसमें दोनों वारदातों में उनकी संलिप्तता सामने आने का पुलिस ने दावा किया।
ये तीन आरोपी पकड़े गए
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सागर कश्यप (22), आकाश उरांव उर्फ टब्बरी (21) और ईश्वर बंजारे (21) शामिल हैं। तीनों मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का एल्यूमिनियम फ्रेम और घटना में इस्तेमाल लोहे का सब्बल बरामद किया गया। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ धारा 331(4), 305(1) और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा चोरी का सामान बेचने की कोशिश की जाती है या कोई व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में चोरी के सामान के साथ नजर आता है, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस के मुताबिक समय पर मिलने वाली सूचना अपराधों के खुलासे में अहम साबित हो सकती है।
