कपड़े लेने बालकनी में गई मां, जीआई पाइप में दौड़ रहा था करंट; बचाने पहुंचे बेटे की भी मौत
रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: राजधानी रायपुर में एक दर्दनाक हादसे में मां-बेटे की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब मां बालकनी में सूख रहे कपड़े लेने पहुंची थीं। कपड़े उतारते समय उन्होंने जैसे ही जीआई पाइप को छुआ, वह करंट की चपेट में आ गईं। मां को बचाने के लिए दौड़ा बेटा भी बिजली की चपेट में आ गया। घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान कल्याणी यादव (54) और उनके बेटे मधुसूदन यादव (23) के रूप में हुई है। दोनों धरसींवा क्षेत्र के कूंरा गांव के रहने वाले थे। परिवार खेती-किसानी से जुड़ा बताया गया है।
बेटी से मिलने रायपुर आए थे मां-बेटे
कल्याणी यादव अपने बेटे मधुसूदन के साथ रायपुर में रह रही अपनी बेटी से मिलने आई थीं। उनकी बेटी छत्तीसगढ़ नगर इलाके में किराए के मकान में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। शुक्रवार दोपहर घर की बालकनी में कपड़े लेने के दौरान हादसा हो गया।
मां को बचाने की कोशिश में बेटा भी आया चपेट में
पुलिस के मुताबिक बालकनी में कपड़े सुखाने के लिए विंडो कूलर और रेलिंग के बीच जीआई पाइप लगाया गया था। इसी पाइप पर कपड़े सुखाए जा रहे थे। आशंका है कि कूलर में करंट आने के बाद बिजली का प्रवाह जीआई पाइप तक पहुंच गया।
कल्याणी ने जैसे ही पाइप को छुआ वह उससे चिपक गईं। मां को करंट से चिपका देखकर मधुसूदन उन्हें बचाने के लिए पहुंचा। उन्हें छुड़ाने की कोशिश में वह भी करंट की चपेट में आ गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
पुलिस की शुरुआती जांच में कूलर से जीआई पाइप और उसके संपर्क में आने वाली बालकनी की रेलिंग तक करंट पहुंचने की आशंका जताई गई है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
