शराब के लिए पैसे मांगने से किया इनकार तो युवक से मारपीट, घर पहुंचकर दी जान से मारने की धमकी; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने और पैसे देने से इनकार करने पर एक युवक के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने कुछ घंटे बाद युवक के घर पहुंचकर भी मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, 10 सितंबर की रात करीब 9 बजे फरसवानी निवासी संतोष राठौर अपने दोस्तों के साथ पार्टी में जाने के लिए निकला था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के से मारपीट की।

बताया गया कि घटना के करीब साढ़े तीन घंटे बाद आरोपी दोबारा संतोष के घर पहुंच गए। यहां भी उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना में संतोष के हाथ में चोट आई।

पीड़ित की शिकायत पर उरगा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 507/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी।

पुलिस को मुख्य आरोपी के अपने घर पर मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद टीम ने दबिश देकर 21 वर्षीय ज्ञान प्रसाद राठौर पिता लखन लाल राठौर, निवासी फरसवानी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BW 0830 भी जब्त की है।

पहले भी दर्ज हैं आपराधिक मामले

पुलिस के मुताबिक आरोपी ज्ञान राठौर का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है और वह हत्या के प्रयास के मामले में जेल भी जा चुका है। कुछ समय पहले ही वह जेल से बाहर आया था। वर्तमान मामले में दोबारा आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए जाने के बाद पुलिस ने उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे 12 सितंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Share This Article