उरगा पुलिस का एक्शन: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, शराब तस्कर भी पकड़ाया

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  उरगा पुलिस ने महिला एवं बाल अपराध तथा अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक मामले में नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने, छेड़छाड़ और दुष्कर्म के आरोप में युवक को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरे मामले में 8 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ एक व्यक्ति पुलिस के हत्थे चढ़ा। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला, जांच में सामने आए गंभीर आरोप

उरगा थाने में एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी के स्कूल जाने के बाद वापस नहीं लौटने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 520/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने जांच के दौरान नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद बाल कल्याण समिति और न्यायालय के समक्ष दिए गए उसके कथनों के आधार पर मामले में आरोपी मुकेश यादव द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने, छेड़छाड़ करने और पूर्व में दुष्कर्म करने के आरोप सामने आए।

इन तथ्यों के आधार पर पुलिस ने प्रकरण में धारा 65(1), 74 बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 8 जोड़ी। पुलिस ने आरोपी मुकेश यादव पिता भारत यादव (19 वर्ष), निवासी धंवईपुर, थाना कटघोरा, जिला कोरबा को 6 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया। उसे विशेष न्यायालय (एफटीएससी), कोरबा में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पानी टंकी के पास 8 लीटर महुआ शराब बरामद

दूसरी कार्रवाई में उरगा पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को 5 अक्टूबर को सूचना मिली कि दर्राभाठा पानी टंकी के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अजीत खुटे पिता बुलटुराम खुटे (43 वर्ष), निवासी खोडडल, थाना उरगा बताया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद थैले से पारदर्शी पन्नी में रखी करीब 8 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई।

शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 551/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में कार्रवाई की। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार महिला एवं बाल अपराधों के साथ-साथ अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Share This Article