दीपका खदान में करोड़ों के डंपर में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान, मची अफरा-तफरी….

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  SECL की दीपका कोयला खदान में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कलिंगा कंपनी के एक भारी-भरकम डंपर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने डंपर को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में करीब 2 करोड़ रुपये कीमत का डंपर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के दौरान चालक ने समय रहते डंपर से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

इंजन के पास उठी चिंगारी, देखते ही देखते धधक उठा डंपर

जानकारी के मुताबिक, डंपर खदान के भीतर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक इंजन के पास से चिंगारी उठी और आग लग गई। देखते ही देखते आग ने केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। चालक ने स्थिति को भांपते हुए तत्काल डंपर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

आग की सूचना मिलते ही खदान में मौजूद कर्मचारियों ने उसे बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि डंपर को बचाया नहीं जा सका। कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

घटना के बाद खदान में वाहनों की सुरक्षा और मेंटेनेंस व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का आरोप है कि कलिंगा कंपनी के वाहनों में लगातार हादसे हो रहे हैं। आरोप है कि वाहनों के रखरखाव और सुरक्षा मानकों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि कंपनी में पुराने वाहनों का इस्तेमाल किया जा रहा है और समय पर मेंटेनेंस नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाओं का खतरा बना रहता है।

पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं

स्थानीय लोगों के मुताबिक, इससे पहले भी कंपनी के वाहनों में आग लगने और दुर्घटनाओं की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। आरोप है कि कई मामलों में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी को वजह बताकर मामला समाप्त कर दिया जाता है।

फिलहाल घटना की जानकारी SECL और कलिंगा कंपनी के अधिकारियों को दे दी गई है। डंपर में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। वहीं, लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बीच खदान में सुरक्षा और वाहन मेंटेनेंस व्यवस्था की जांच की मांग भी उठ रही है।

Share This Article