बजट 2024: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का पूर्ण बजट संसद में पेश किया. बजट में समाज के विभिन्न तबकों के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है. खासकर युवाओं, महिलाओं और कृषि क्षेत्र का विशेष ध्यान रखा है।
मोदी सरकार मानती है कि अगर आपको देश की अर्थव्यवस्था को विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना है, तो इसके लिए आपको इन तीनों वर्ग के लोगों पर विशेष ध्यान रखना होगा, तभी आप अपनी इस आकांक्षा को जमीन पर उतार सकेंगे।
जानें क्या सस्ता, क्या महंगा?
निर्मला सीतारमण ने कैंसर की दवाओं और मोबाइल फोन पर कस्टम ड्यूटी में बड़ी कटौती की घोषणा की. इसके साथ ही इम्पोर्टेड सोना, चांदी, चमड़े का सामान और सीफूड भी सस्ता हो जाएगा।
सालाना 3 लाख रुपये से कम कमाई पर नहीं देना होगा टैक्स
वित्त मंत्री ने बजट भाषण में इनकम टैक्स स्लैब्स चेंज का ऐलान किया है.इसके तहत अगर आपकी कमाई सालाना 3 लाख रुपये से कम है तो आपको टैक्स नहीं देना होगा.यहां आप न्यू टैक्स रिजीम के तहत टैक्स नए टैक्स स्लैब देख सकते हैं।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत हर महीने 300 यूनिट तक बिजली फ्री
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को अच्छी प्रतिक्रिया मिली है. 1.8 करोड़ लोगों ने इसके लिए पंजीकरण कराया है. वित्त मंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की शुरुआत की गई है, इसके तहत छतों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे, इससे एक करोड़ परिवारों को हर महीने 300 यूनिट तक निशुल्क बिजली मिल सकेगी. यह योजना इसे और बढ़ावा देगी.”
सरकार हर साल एक लाख छात्रों को सीधे ई-वाउचर उपलब्ध कराएगी: वित्त मंत्री
वित्त मंत्री सीतारमण ने बजट भाषण में कहा कि सरकार रोजगार से जुड़ी तीन योजनाएं शुरू करेगी. सरकार हर साल एक लाख छात्रों को सीधे ई-वाउचर उपलब्ध कराएगी, जिसमें ऋण राशि का तीन प्रतिशत ब्याज अनुदान दिया जाएगा. इसके अलावा सरकार नौकरी बाजार में प्रवेश करने वाले 30 लाख युवाओं को एक महीने का पीएफ अंशदान देकर प्रोत्साहन देगी।
वित्त मंत्री का ऐलान, पांच साल में 4.1 करोड़ युवाओं को मिलेगा रोजगार
लोकसभा में वित्त मंत्री सीतारमण ने कहा कि बजट में रोजगार, कौशल, एमएसएमई और मध्यम वर्ग पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा. 4.1 करोड़ युवाओं का पांच साल में दो लाख करोड़ रुपये के आवंटन से रोजगार मिलेगा, उनका कौशल बढ़ाया जाएगा. इसके साथ ही वित्त वर्ष 2024-25 के बजट में शिक्षा, रोजगार और कौशल के लिए 1.48 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
बजट में गरीब महिला,किसान युवा पर फोकस
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में बजट भाषण पढ़ते हुए कहा कि इस बजट में हमारी 9 प्राथमिकताएं हैं. इस बार के बजट में कृषि, रोजगार, सामाजिक कल्याण, शहरी विकास, ऊर्जा सुरक्षा के अलावा गरीब, महिला, किसान युवा पर बजट में फोकस किया गया है।
PM गरीब कल्याण योजना 5 साल के लिए बढ़ाई गई
वित्त मंत्री मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में बजट भाषण पढ़ रही हैं. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना 5 साल के लिए बढ़ाए जाने का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ 80 करोड़ अधिक लोगो को लाभ मिल रहा है।
महिलाओं के लिए यह बड़ी सौगात
बात अगर महिलाओं की करें, तो इस बार केंद्र सरकार ने अपने बजट में महिलाओं पर विशेष फोकस किया है. खासकर कामकाजी महिलाओं को नौकरी के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा ना हो, इसके लिए केंद्र सरकार ने कार्यस्थल पर छोटे बच्चों की देखभाल के लिए क्रेच बनाने का ऐलान किया है. चूंकि आमतौर पर देखा जाता है कि अपने छोटे बच्चों की वजह से महिलाएं कई बार नौकरी करना छोड़ देती हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए वित्त मंत्री ने यह ऐलान किया है।
वहीं, महिलाओं के विकास के लिए केंद्र सरकार ने बजट में तीन लाख करोड़ का आवंटन किया है. केंद्र सरकार ने महिलाओं के नाम पर प्रॉपर्टी खरीदने पर रजिस्ट्री के दौरान लगने वाली स्टाम्प ड्यूटी पर राहत देने की घोषणा की है. इससे गरीबों को आवास खरीदने के दौरान रजिस्ट्री के लिए स्टाम्प ड्यूटी पर बड़ी राहत मिल सकेगी।
महिलाओं के लिए शुरू हुई ये योजनाएं
इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री ने आगे कई प्रकार की महिला केंद्रित योजनाएं भी शुरू करने का ऐलान किया है. केंद्र सरकार ने 20 लाख युवतियों को कौशलयुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है. मौजूदा वक्त में बड़ी संख्या में ऐसी कई महिलाएं हैं, जो उपयुक्त कौशल ना होने के अभाव में मनचाही नौकरी प्राप्त नहीं कर पाती हैं या अगर पाती भी हैं तो उन्हें मनचाहा वेतन प्राप्त नहीं हो पाता है।
इसे ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने इस बार बड़ी संख्या में महिलाओं को प्रशिक्षित करने का ऐलान किया है, ताकि वो भारत की अर्थव्यवस्था को विकसित करने की दिशा में अहम अपना योगदान दे सकें. सरकार ने पहली बार नौकरी करने वाले युवाओं और महिलाओं को पीएफ में एक महीने का वेतन दिया जाएगा।