रथयात्रा के दिन दोस्तों ने खेला खूनी खेल, युवक की धारदार हथियार से की हत्या, फिर हाथ-पैर बांधकर नदी में फेंका शव
मुंगेली/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां रथयात्रा के दिन एक युवक की उसके ही 4 दोस्तों ने मिलकर धारदार हथियार से बेरहमी से वार कर हत्या कर दी। इतना ही नहीं हत्या के बाद हाथ-पैर बांधकर बॉडी को नदी में फेंक दिए। मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को हिरासत में लिया है और पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक मृतक का नाम दशरथ वर्मा उम्र (22 वर्ष) डबरी पारा के वार्ड क्रमांक 2, निवासी के रूप में हुई। यह घटना 27 जून की शाम की है। दशरथ अपने दोस्तों के साथ घूमने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन रात तक वह वापस नहीं लौटा। इससे परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन वह कहीं नहीं मिला। इसके बाद 28 जून को मृतक के छोटे भाई संजय वर्मा ने लोरमी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस युवक की तलाश में जुट गई।

तलाश के बीच पुलिस को सूचना मिली मनियारी नदी के कंकालिन मंदिर घाट के पास पानी में एक युवक की लाश पड़ी है। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। SDRF की मदद से शव को बाहर निकाला गया। इस दौरान हाथ-पैर बंधे हुए थे और सीने में 12 से 15 वार के निशान थे। इस दौरान मृतक युवक की पहचान संजय वर्मा ने अपने बड़े भाई दशरथ के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। साथ ही अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हत्यारों की तलाश में जुट गई।

पुलिस के मुताबिक वह मारपीट के मामले की भी जांच कर रही थी। 28 जून की शाम को मारपीट के मामले में पुलिस ने चार नशेड़ियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान एक युवक ने कबूल किया कि उसकी दशरथ से पुरानी रंजिश थी। रंजिश के चलते चारों ने मिलकर हत्या का प्लान बनाया। इसके बाद युवक को मनियारी नदी के कंकालिन मंदिर घाट के पास लेकर गए। वहां दशरथ वर्मा को जमकर पीटा, फिर धारदार हथियार से वार कर मार डाला। पुलिस चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मामले में लोरमी थाना प्रभारी अखिलेश वैष्णव ने बताया कि आरोपियों में से एक पर पहले से 2 आपराधिक मामले दर्ज हैं। चारों से पूछताछ जारी है। हत्या में इस्तेमाल हथियार की तलाश की जा रही है। पुलिस जल्द ही इस मामले में और खुलासे की बात कह रही है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
