खनिज के अवैध परिवहन के खिलाफ एक्शन, सप्ताह भर में 31 वाहन जब्तः अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज

Anil Jatwar
2 Min Read

रायगढ़/सीजी एनएन 24 न्यूज: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में रेत, मुरूम समेत अन्य खनिजों का अवैध परिवहन किया जा रहा है। जिसकी शिकायते आए दिन सामने आ रही थी। ऐसे में खनिज विभाग ने इसके लिए अभियान चलाया और सप्ताह भर में खनिज के अवैध परिवहन में 31 वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के तहत जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जांच की गई। ऐसे में अवैध परिवहन के प्रकरणों में खनिज रेत के 27 ट्रैक्टरों को पकड़ा गया।

इसके अलावा 1 हाईवा, निम्न श्रेणी चूनापत्थर के 2 हाईवा और बोल्डर परिवहन में संलिप्त 1 ट्रैक्टर को जप्त किया गया। इस तरह कुल 31 वाहनों को जप्त कर कलेक्ट्रेट परिसर, थाना खरसिया और रैरूमा चौकी में सुरक्षा के लिहाज से रखा गया है।

यह कार्रवाई पुसौर, खरसिया समेत धरमजयगढ़ क्षेत्र में की गई। मामले में अवैध उत्खनन व परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 एवं 23 (क) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

संबलपुरी क्षेत्र में मुरूम का अवैध उत्खनन

शुक्रवार की रात को संबलपुरी क्षेत्र में मुरूम का अवैध उत्खनन किया जा रहा था। जिसकी जानकारी मिलने के बाद यहां खनिज अमला पहुंचा था और मौके पर JCB व अन्य वाहनों के माध्यम से अवैध उत्खनन करते पाए जाने पर पूछताछ किया गया।

जिसमें पता चला कि रायगढ़ के किसी हरिओम अग्रवाल के द्वारा अवैध उत्खनन कराया जा रहा है। प्रकरण में वाहनों को कलेक्ट्रेट में लाकर रखा गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जेसीबी वाहन को भी जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में रखा गया है
Share This Article